झाँसी की रानी — सुभद्रा कुमारी चौहान

“झाँसी की रानी” सुभद्रा कुमारी चौहान की प्रसिद्ध वीर-रस कविता है। इसमें रानी लक्ष्मीबाई के साहस, युद्ध-कौशल, संघर्ष और बलिदान को 1857 के स्वतंत्रता-संग्राम की पृष्ठभूमि में चित्रित किया गया है।

कविता और उसका प्रसंग

कविता का प्रसंग 1857 के स्वतंत्रता-संग्राम और झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई के संघर्ष से जुड़ा है। सुभद्रा कुमारी चौहान रानी के जीवन, युद्ध-नेतृत्व, अंग्रेज़ी सत्ता के विरुद्ध प्रतिरोध और अंतिम बलिदान को राष्ट्रीय चेतना तथा वीरता के स्वर में प्रस्तुत करती हैं। कविता लोक-स्मृति में सुरक्षित उस कथा को भी सामने लाती है जिसमें रानी साहस और स्वाधीनता की प्रतीक बन जाती हैं।

कविता

सिंहासन हिल उठे, राजवंशों ने भृकुटी तानी थी,
बूढ़े भारत में भी आई फिर से नई जवानी थी,
गुमी हुई आज़ादी की कीमत सबने पहचानी थी,
दूर फिरंगी को करने की सबने मन में ठानी थी।
चमक उठी सन् सत्तावन में
वह तलवार पुरानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: 1857 के विद्रोह ने भारत में स्वतंत्रता की चेतना को फिर से जागृत किया। रानी लक्ष्मीबाई इस संघर्ष की वीर प्रतीक बनकर सामने आती हैं।

कानपूर के नाना की मुँहबोली बहन ‘छबीली’ थी,
लक्ष्मीबाई नाम, पिता की वह संतान अकेली थी,
नाना के सँग पढ़ती थी वह, नाना के सँग खेली थी,
बरछी, ढाल, कृपाण, कटारी उसकी यही सहेली थी।
वीर शिवाजी की गाथाएँ
उसको याद ज़बानी थीं।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: बचपन से ही लक्ष्मीबाई में साहस, युद्ध-कौशल और वीर परंपराओं के प्रति आकर्षण दिखाई देता था।

लक्ष्मी थी या दुर्गा थी वह स्वयं वीरता की अवतार,
देख मराठे पुलकित होते उसकी तलवारों के वार,
नकली युद्ध, व्यूह की रचना और खेलना खूब शिकार,
सैन्य घेरना, दुर्ग तोड़ना, ये थे उसके प्रिय खिलवार।
महाराष्ट्र-कुल-देवी उसकी
भी आराध्य भवानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: कवयित्री लक्ष्मीबाई की वीरता को देवी-समान शक्ति के रूप में चित्रित करती हैं और उनके युद्धाभ्यास तथा सैन्य कौशल को रेखांकित करती हैं।

हुई वीरता की वैभव के साथ सगाई झाँसी में,
ब्याह हुआ रानी बन आई लक्ष्मीबाई झाँसी में,
राजमहल में बजी बधाई खुशियाँ छाई झाँसी में,
सुभट बुंदेलों की विरुदावलि-सी वह आई झाँसी में,
चित्रा ने अर्जुन को पाया,
शिव से मिली भवानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: विवाह के बाद लक्ष्मीबाई झाँसी की रानी बनीं और उनके व्यक्तित्व में वीरता और राजकीय उत्तरदायित्व का नया आयाम जुड़ा।

उदित हुआ सौभाग्य, मुदित महलों में उजियाली छाई,
किंतु कालगति चुपके-चुपके काली घटा घेर लाई,
तीर चलाने वाले कर में उसे चूड़ियाँ कब भाई,
रानी विधवा हुई, हाय! विधि को भी नहीं दया आई।
निसंतान मरे राजाजी रानी शोक-समानी थी,
बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,
खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: निजी जीवन की विपत्तियों के बाद रानी के सामने झाँसी के राजनीतिक अस्तित्व की रक्षा का कठिन प्रश्न खड़ा हुआ।

बुझा दीप झाँसी का तब डलहौज़ी मन में हरषाया,
राज्य हड़प करने का उसने यह अच्छा अवसर पाया,
फ़ौरन फौजें भेज दुर्ग पर अपना झंडा फहराया,
लावारिस का वारिस बनकर ब्रिटिश राज्य झाँसी आया।
अश्रुपूर्ण रानी ने देखा
झाँसी हुई बिरानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: अंग्रेज़ी सत्ता ने झाँसी पर अधिकार करने का अवसर खोजा। रानी के लिए यह राजनीतिक और व्यक्तिगत दोनों स्तरों पर गहरी चुनौती थी।

अनुनय-विनय नहीं सुनता है, विकट फिरंगी की माया,
व्यापारी बन दया चाहता था जब यह भारत आया,
डलहौज़ी ने पैर पसारे, अब तो पलट गई काया,
राजाओं नव्वाबों को भी उसने पैरों ठुकराया।
रानी दासी बनी, बनी यह
दासी अब महरानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: कविता अंग्रेज़ी विस्तारवादी नीति और भारतीय राज्यों पर उसके प्रभाव को रेखांकित करती है।

छिनी राजधानी देहली की, लिया लखनऊ बातों-बात,
कैद पेशवा था बिठूर में, हुआ नागपुर का भी घात,
उदैपूर, तंजोर, सतारा, करनाटक की कौन बिसात?
जबकि सिंध, पंजाब, ब्रह्म पर अभी हुआ था वज्र-निपात।
बंगाले, मद्रास आदि की भी तो वही कहानी थी,
बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,
खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: कवयित्री व्यापक औपनिवेशिक विस्तार का उल्लेख करके झाँसी के संघर्ष को पूरे देश की राजनीतिक स्थिति से जोड़ती हैं।

रानी रोयीं रनिवासों में, बेगम ग़म से थीं बेज़ार,
उनके गहने कपड़े बिकते थे कलकत्ते के बाज़ार,
सरे आम नीलाम छापते थे अंग्रेज़ों के अखबार,
‘नागपूर के ज़ेवर ले लो’ ‘लखनऊ के लो नौलख हार’।
यों परदे की इज़्ज़त परदेशी के हाथ बिकानी थी,
बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,
खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: कविता औपनिवेशिक सत्ता के कारण भारतीय राजघरानों और स्त्रियों पर आए अपमान और विस्थापन को चित्रित करती है।

कुटियों में भी विषम वेदना, महलों में आहत अपमान,
वीर सैनिकों के मन में था अपने पुरखों का अभिमान,
नाना धुंधूपंत पेशवा जुटा रहा था सब सामान,
बहिन छबीली ने रण-चण्डी का कर दिया प्रकट आह्वान।
हुआ यज्ञ प्रारम्भ उन्हें तो सोई ज्योति जगानी थी,
बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,
खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: जन-असंतोष और सैनिक असंतोष धीरे-धीरे स्वतंत्रता के व्यापक संघर्ष में बदलता दिखाई देता है।

महलों ने दी आग, झोंपड़ी ने ज्वाला सुलगाई थी,
यह स्वतंत्रता की चिनगारी अंतरतम से आई थी,
झाँसी चेती, दिल्ली चेती, लखनऊ लपटें छाई थी,
मेरठ, कानपूर, पटना ने भारी धूम मचाई थी,
जबलपूर, कोल्हापूर में भी कुछ हलचल उकसानी थी,
बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,
खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: स्वतंत्रता की चेतना विभिन्न क्षेत्रों में फैलती है और 1857 का संघर्ष व्यापक रूप ग्रहण करता है।

इस स्वतंत्रता महायज्ञ में कई वीरवर आए काम,
नाना धुंधूपंत, ताँतिया, चतुर अज़ीमुल्ला सरनाम,
अहमदशाह मौलवी, ठाकुर कुँवरसिंह सैनिक अभिराम,
भारत के इतिहास गगन में अमर रहेंगे जिनके नाम।
लेकिन आज जुर्म कहलाती उनकी जो कुरबानी थी,
बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,
खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: कवयित्री 1857 के अनेक सेनानियों को स्वतंत्रता-संग्राम की साझा विरासत के रूप में स्मरण करती हैं।

इनकी गाथा छोड़, चले हम झाँसी के मैदानों में,
जहाँ खड़ी है लक्ष्मीबाई मर्द बनी मर्दानों में,
लेफ्टिनेंट वाकर आ पहुँचा, आगे बड़ा जवानों में,
रानी ने तलवार खींच ली, हुआ द्वन्द्व असमानों में।
ज़ख्मी होकर वाकर भागा, उसे अजब हैरानी थी,
बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,
खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: रानी युद्धभूमि में स्वयं नेतृत्व करती हैं और अंग्रेज़ी सेना के विरुद्ध प्रत्यक्ष युद्ध करती हैं।

रानी बढ़ी कालपी आई, कर सौ मील निरंतर पार,
घोड़ा थक कर गिरा भूमि पर गया स्वर्ग तत्काल सिधार,
यमुना तट पर अंग्रेज़ों ने फिर खाई रानी से हार,
विजयी रानी आगे चल दी, किया ग्वालियर पर अधिकार।
अंग्रेज़ों के मित्र सिंधिया ने छोड़ी रजधानी थी,
बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,
खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: झाँसी से आगे भी रानी का संघर्ष जारी रहता है और वे कालपी तथा ग्वालियर की ओर बढ़ती हैं।

विजय मिली, पर अंग्रेज़ों की फिर सेना घिर आई थी,
अबके जनरल स्मिथ सम्मुख था, उसने मुँह की खाई थी,
काना और मंदरा सखियाँ रानी के संग आई थीं,
युद्ध क्षेत्र में उन दोनों ने भारी मार मचाई थी।
पर पीछे ह्यूरोज़ आ गया, हाय! घिरी अब रानी थी,
बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,
खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: रानी और उनके साथियों का प्रतिरोध जारी रहता है, लेकिन अंग्रेज़ी सेना का दबाव लगातार बढ़ता जाता है।

तो भी रानी मार-काट कर चलती बनी सैन्य के पार,
किन्तु सामने नाला आया, था यह संकट विषम अपार,
घोड़ा अड़ा, नया घोड़ा था, इतने में आ गए सवार,
रानी एक, शत्रु बहुतेरे, होने लगे वार पर वार।
घायल होकर गिरी सिंहनी
उसे वीर-गति पानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: अंतिम संघर्ष में रानी अनेक शत्रुओं से घिरकर घायल होती हैं और वीरगति प्राप्त करती हैं।

रानी गई सिधार, चिता अब उसकी दिव्य सवारी थी,
मिला तेज से तेज, तेज की वह सच्ची अधिकारी थी,
अभी उम्र कुल तेइस की थी, मनुज नहीं अवतारी थी,
हमको जीवित करने आई बन स्वतंत्रता-नारी थी,
दिखा गई पथ, सिखा गई हमको जो सीख सिखानी थी,
बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,
खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: रानी का बलिदान उन्हें स्वतंत्रता और साहस की अमर प्रतीक के रूप में स्थापित करता है।

जाओ रानी याद रखेंगे ये कृतज्ञ भारतवासी,
यह तेरा बलिदान जगावेगा स्वतंत्रता अविनाशी,
होवे चुप इतिहास, लगे सच्चाई को चाहे फाँसी,
हो मदमाती विजय, मिटा दे गोलों से चाहे झाँसी।
तेरा स्मारक तू ही होगी, तू खुद अमिट निशानी थी,
बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,
खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी॥

भावार्थ: अंतिम पद रानी के बलिदान को भारत की स्मृति और स्वतंत्रता की अमर प्रेरणा के रूप में स्थापित करता है।

कविता का केंद्रीय भाव

केंद्रीय भाव है—स्वाधीनता, साहस, आत्मसम्मान और बलिदान।

कवि के बारे में

सुभद्रा कुमारी चौहान का चित्र

सुभद्रा कुमारी चौहान

1904–1948 · निहालपुर, इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश

सुभद्रा कुमारी चौहान सुप्रसिद्ध कवयित्री और स्वतंत्रता आंदोलन से सक्रिय रूप से जुड़ी लेखिका थीं। उनकी कविताओं में राष्ट्रीय चेतना, साहस और जनजीवन से जुड़ी सरल, प्रभावशाली अभिव्यक्ति मिलती है। वे 1922 के जबलपुर झंडा सत्याग्रह में शामिल होने वाली पहली महिला सत्याग्राहियों में थीं और स्वतंत्रता आंदोलन में कई बार जेल गईं।

“झाँसी की रानी” ने उन्हें हिंदी साहित्य में स्थायी पहचान दी। उनकी कविताएँ “मुकुल” और “त्रिधारा” में संकलित हैं, जबकि “बिखरे मोती”, “उन्मादिनी” और “सीधे-सादे चित्र” उनके कहानी-संग्रह हैं।

प्रमुख कृतियाँ

  • झाँसी की रानी
  • वीरों का कैसा हो वसंत?
  • मुकुल
  • त्रिधारा

प्रमुख सम्मान

  • सेकसरिया पारितोषिक — मुकुल
  • सेकसरिया पारितोषिक — बिखरे मोती

पाठ-संदर्भ

राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) के पाठ-संदर्भ में ‘झाँसी की रानी’ सुभद्रा कुमारी चौहान की रचना के रूप में प्रकाशित है।

साझा करें

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *